
नवादा, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने गुरुवार को बताया कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत 100 आकांक्षी कृषि ज़िलों को विकसित करने का निर्णय लिया है। इसमें नवादा ज़िला भी शामिल हुआ है, जो हमारे क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक अवसर है।
विवेक ठाकुर ने कहा इस योजना से नवादा के किसानों को फसल उत्पादकता और स्थिरता में वृद्धि होगी। पशुपालन, बागवानी और कृषि विविधिकरण को बढ़ावा मिलेगा। भंडारण, सिंचाई और आधुनिक कृषि सुविधाओं में सुधार होगा। तकनीकी सहयोग और सुलभ ऋण उपलब्ध होंगे। किसान उत्पादक संगठन (FPOs) और अन्य समूहों को मज़बूती मिलेगी।
विवेक ठाकुर ने कहा यह योजना किसानों की आमदनी बढ़ाने, जोखिम घटाने और उन्हें आधुनिक कृषि से जोड़ने में क्रांतिकारी भूमिका निभाएगी। नवादा जैसे आकांक्षी ज़िले में इस योजना का लागू होना, यहाँ के किसानों और कृषि क्षेत्र की प्रगति में नया अध्याय जोड़ेगा। इस संवेदनशील व दूरदर्शी निर्णय हेतु सांसद विवेक ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।
—————
(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन
