
नई दिल्ली, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय महिला क्रिकेटर जेमिमा रोड्रिग्स ने 11 से 25 नवंबर तक भारत में खेले जाने वाले पहले दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप के लिए चुनी गईं सभी 16 खिलाड़ियों को शुभदकामनाएं दी हैं।
इस महीने की शुरुआत में, भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) ने इस मेगा इवेंट के लिए टीम की घोषणा की थी और तब से विश्व कप की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
भारत के लिए 112 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकीं जेमिमा ने एक बयान में कहा कि यह बेहद गर्व की बात है क्योंकि पहली बार दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी भारत करेगा। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी ट्रॉफी जीतकर देश को गौरवान्वित करेंगी।
जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा, भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम के लिए चुनी गईं सभी 16 खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। यह शानदार होने वाला है। यह पहली बार है कि दृष्टिबाधित महिलाओं का टी20 विश्व कप भारत में आयोजित किया जा रहा है। मैं वाकई बहुत उत्साहित हूं। मुझे पता है कि आप सभी के लिए उत्साह दोगुना होगा। मैं आप सभी के ट्रॉफी उठाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।
हाल ही में सीएबीआई के अध्यक्ष डॉ. महंतेश जी. किवादासन्नावर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की थी और इस विशाल आयोजन का विवरण प्रस्तुत किया था। उनके साथ पूर्व विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री और टूर्नामेंट की आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी लेखी भी थीं।
आगामी दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। मैच नई दिल्ली, बेंगलुरु और श्रीलंका के कोलंबो में होंगे। टूर्नामेंट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीम भाग ले रही हैं।
दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
बी1 श्रेणी: सिमू दास (दिल्ली), पी. करुणा कुमारी (आंध्र प्रदेश), अनु कुमारी (बिहार), जमुना रानी टुडू (ओडिशा), काव्या वी (कर्नाटक)
बी2 श्रेणी: अनेखा देवी (दिल्ली), बसंती हंसदा (ओडिशा), सिमरनजीत कौर (राजस्थान), सुनीता सराठे (मध्य प्रदेश), पारबती मार्ंडी (ओडिशा)
बी3 श्रेणी: दीपिका टी सी (कर्नाटक – कप्तान), फूला सोरेन (ओडिशा), गंगा एस कदम (महाराष्ट्र – उप कप्तान), काव्या एन आर (कर्नाटक), सुषमा पटेल (मध्य प्रदेश), दुर्गा येवले (मध्य प्रदेश)
—————
(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह
