Assam

‘विश्वास यात्रा’ – महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए राज्यव्यापी बाइक रैली का शुभारंभ

‘विश्वास यात्रा’ – महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए राज्यव्यापी बाइक रैली का शुभारंभ करते हुए राज्य के मुख्य सचिव डॉ रवि कोटा।

गुवाहाटी, 12 नवम्बर (Udaipur Kiran) । असम राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अंगूरलता डेका के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “विश्वास यात्रा” नामक राज्यव्यापी मोटरसाइकिल रैली की शुरुआत की गई।

इस रैली को असम के मुख्य सचिव डॉ. रवी कोटा ने गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुवा खेल परिसर, सरुसजाई से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर असम के एडवोकेट जनरल देवजीत सैकिया, अतिरिक्त मुख्य सचिव (महिला एवं बाल विकास विभाग) मुकेश साहू, निदेशक गौरीशंकर शर्मा सहित विभिन्न सरकारी अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

असम राज्य महिला आयोग द्वारा संकल्प हब और राज्य के महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित यह रैली एक अनूठी जनजागरण पहल है, जिसका उद्देश्य लैंगिक समानता, महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम तथा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाना है।

“विश्वास यात्रा” में 15 बाइकर शामिल हुए, जिनमें आयोग की अध्यक्ष स्वयं भी शामिल हैं। यह रैली साहस, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। गुवाहाटी से शुरू होकर यह रैली मोरीगांव, नगांव, गोलाघाट और जोरहाट जिलों से गुजरते हुए 15 नवम्बर को समाप्त होगी। इसका दूसरा चरण बाद में राज्य के अन्य जिलों को कवर करेगा।

हर जिले में प्रतिभागी अधिकारी, छात्र, महिला समूहों और समुदाय प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे तथा “सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण” का संदेश फैलाएंगे। महिलाओं के अधिकार, कानूनी सुरक्षा और सरकारी योजनाओं पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अंगूरलता डेका के नेतृत्व में आयोग लगातार महिलाओं के उत्पीड़न, हिंसा और भेदभाव से जुड़े मामलों में सहायता प्रदान कर रहा है। आयोग के अधीन जिला एवं ब्लॉक स्तर के महिला प्रकोष्ठ स्थानीय प्रशासन और सरकारी विभागों के साथ मिलकर कानूनी सलाह, मनोवैज्ञानिक सहयोग और योजनाओं तक महिलाओं की पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए अध्यक्ष अंगूरलता डेका ने कहा, “विश्वास यात्रा केवल एक रैली नहीं है, बल्कि एकता, भरोसे और कार्रवाई का आह्वान है। इस यात्रा के माध्यम से हम राज्य की हर महिला तक पहुंचकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे और यह संदेश देंगे कि सहायता हमेशा उपलब्ध है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा असम बनाना है, जहां हर महिला सुरक्षित, सम्मानित और समान अवसरों के साथ जीवन जी सके।”

“विश्वास यात्रा” चार प्रमुख संदेशों को लेकर आगे बढ़ रही है। सुरक्षा और सम्मान, सशक्तिकरण और समानता, जागरूकता और पहुंच तथा सामुदायिक जिम्मेदारी, ताकि समाज में भागीदारी के माध्यम से एक सुरक्षित और समावेशी वातावरण का निर्माण किया जा सके।

महिलाओं की सहायता या जानकारी के लिए 181 महिला हेल्पलाइन (टोल-फ्री, 24×7) या 9435196263 (व्हाट्सएप उपलब्ध) पर संपर्क किया जा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश