Delhi

वीरेंद्र सचदेवा ने विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर जताया शोक

भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवामल्होत्रा के आखिरी दर्शन के दौरान

नई दिल्ली, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार प्रातः 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मल्होत्रा का जीवन सादगी, निष्ठा और जनसेवा को समर्पित रहा।

सचदेवा ने एक बयान में कहा कि जनसंघ काल से ही प्रो. मल्होत्रा ने दिल्ली में संगठन और संघ की विचारधारा के विस्तार के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणादायक रहा है और आगे भी प्रेरणा देता रहेगा। सचदेवा ने प्रो. मल्होत्रा को दिल्ली का “प्रथम विकास पुरुष” बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से राजधानी को आधुनिक विकास की दिशा मिली। उन्होंने याद दिलाया कि पटेल नगर को मोती नगर से जोड़ने वाला दिल्ली का पहला फ्लाईओवर प्रो. मल्होत्रा जी के मुख्य कार्यकारी पार्षद के कार्यकाल (1967-71) में ही बनवाया गया था।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी परिवार उनके निधन को अपूरणीय क्षति मानता है और इस कठिन घड़ी में हम सब उनकी स्मृतियों को नमन करते हैं।

————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top