
नई दिल्ली, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे “युवा भारत की राष्ट्रवादी सोच और संगठनात्मक शक्ति की जीत” करार दिया।
सचदेवा ने कहा कि डूसू चुनाव में अभाविप का तीन सीटों पर जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि “राष्ट्रवादी विचारधारा, सेवा भाव, संगठनात्मक शक्ति और गतिशील नेतृत्व में छात्र समुदाय की अटूट आस्था का प्रमाण” है। उन्होंने जोर देकर कहा, “यह युवा भारत की आवाज़ है, जो ऊर्जा, विश्वास और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता से भरी है।”
उन्होंने अभाविप के कार्यकर्ताओं की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उनके लगन और समर्पण ने ही इस जीत को संभव बनाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के अधिकांश पदाधिकारी अभाविप की पृष्ठभूमि से जुड़े हैं, जो “हमारा राजनीतिक गुरुकुल” है।
सचदेवा ने जीत को ऐतिहासिक बताया, क्योंकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी अभाविप और डूसू की राजनीतिक पृष्ठभूमि से आती हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व का क्षण है कि मुख्यमंत्री भी अभाविप की ही उपज हैं, जिससे इस जीत का महत्व और बढ़ जाता है।
उल्लेखनीय है कि कि डूसू चुनाव में अभाविप ने इस बार चार में से तीन सीटों पर जीत दर्ज की है।
———–
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
