
–मानवता, वियतनाम व विश्व के लिए अर्पित किए अलग अलग चीवर
कुशीनगर, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । वियतनाम से आए 119 सदस्यीय दल ने कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मंदिर में विशेष पूजा कर विश्व शांति की कामना की। शुक्रवार को का यह कुशीनगर से वैशाली के लिए रवाना हो गया। दल ने बुद्ध की शयनमुद्रा वाली प्रतिमा पर पूजा पश्चात संपूर्ण मानवता, वियतनाम व विश्व की खुशहाली के लिए तीन अलग-अलग चीवर अर्पित किए। इसके पूर्व पर्यटक दल ने सुबह बुद्ध के शवदाह स्थल मुक्तबंधन चैत्य पर भी विशेष पूजा की।
वियतनाम से आए 119 सदस्यीय दल के सदस्यों को महापरिनिर्वाण मंदिर में भंते अशोक ने पूजा सम्पन्न कराई। बौद्ध सर्किट के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा पर आया दल एक दिन पूर्व कुशीनगर आया था। ऑफ सीजन में पर्यटकों के कुशीनगर आने से चहल-पहल बढ़ गई। पर्यटन से जुड़े लोग इसे एक अक्टूबर से शुरू हो रहे पर्यटन सीजन के लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं।
बिरला धर्मशाला के प्रबंधक वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि भावी पर्यटन सीजन के लिए यह अच्छा संकेत है। आम तौर पर ग्रीष्मकाल में अपवाद स्वरूप ही पर्यटक आते हैं। वैसे तो कुशीनगर का पर्यटन सीजन एक अक्टूबर से शुरू होता है। इस ग्रीष्म काल में ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड और वियतनाम के पर्यटक काफी संख्या में आ रहे हैं। पर्यटन से जुड़े लोग खुश हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / गोपाल गुप्ता
