Uttar Pradesh

वरुणा नदी में बढ़ाव: जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

जिलाधिकारी बाढ़ प्रभावित इलाके में

– राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा, जलभराव रोकने को लगाए जाएंगे पंप

वाराणसी,12 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में गंगा और उसकी सहायक नदी वरुणा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। शनिवार अपराह्न जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय, सलारपुर स्थित बाढ़ चौकी का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत केंद्र में हाईजेनिक किचन, स्वच्छ शौचालय, गैस कनेक्शन, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन, टेंट की व्यवस्था, चिकित्सक की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और तत्काल निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और चूना छिड़काव का कार्य नियमित रूप से कराया जाए ताकि महामारी की संभावना को रोका जा सके।

—ज्ञान प्रवाह नाले पर लगेंगे 10 पंप

जिलाधिकारी ने सामने घाट स्थित ज्ञान प्रवाह नाले का भी निरीक्षण किया। यहां जल भराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने तत्काल प्रभाव से 10 पंपिंग मशीनें लगाने के निर्देश दिए, ताकि पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो।

—बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम को पूरी तरह अपडेट रखा जाए और बाढ़ संबंधी सभी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने राहत सामग्री की उपलब्धता की भी जांच की, जिसमें सूखा राशन, पेयजल, आवश्यक दवाइयां आदि शामिल थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए बाढ़ राहत केंद्रों में वैकल्पिक शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top