Jammu & Kashmir

वंदे भारत एक्सप्रेस को रियासी में मिला स्टॉपेज, जिले में जश्न का माहौल

जम्मू,, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । रियासी जिले के लोगों के लिए आज का दिन गर्व और खुशी लेकर आया है। लंबे समय से उठाई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। रेल मंत्रालय ने रियासी रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस को रुकने की औपचारिक मंजूरी दे दी है। यह वही मांग है जिसे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने लगातार मजबूती से आगे बढ़ाया था।

माना जा रहा है कि सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप देते ही 29 अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस पहली बार रियासी स्टेशन पर रुकेगी। इस घोषणा के बाद जिले में उत्साह की लहर दौड़ गई है। नागरिकों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधायक कुलदीप राज दुबे, विधायक बलदेव राज शर्मा और डीडीसी चेयरमैन सराफ सिंह नाग का आभार व्यक्त किया है, जिनके प्रयासों से यह फैसला संभव हो पाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार वंदे भारत का स्टॉपेज केवल एक यात्री सुविधा नहीं है, बल्कि रियासी की पहचान, पर्यटन और विकास की नई शुरुआत है। इससे वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा का बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही पुंछ और राजौरी जैसे सीमावर्ती जिलों के यात्रियों के लिए भी सफर अब और सुविधाजनक बन सकेगा।

नागरिकों ने यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि आम लोगों को सस्ती और सुगम रेल सुविधा निर्बाध रूप से मिलती रहे। विकास की नई दिशा के साथ रियासी अब हाईस्पीड कनेक्टिविटी के मानचित्र पर मजबूती से उभरने को तैयार है।

यह कदम जिले की उन्नति और भारत की शान में इज़ाफ़ा करेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अश्वनी गुप्ता

Most Popular

To Top