
मुरादाबाद, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ समेत अन्य रूटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने 300 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर दी है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों का संचालन किया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम सिंह ने बताया कि मुरादाबाद बस अड्डे से लखनऊ के लिए सुबह सात बजे से शाम साढ़े छह बजे तक हर एक घंटे पर बस मिल रही। हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, अलीगढ़, आगरा के लिए रात 11 बजे तक बसें चलेंगी। मुरादाबाद बस अड्डे से लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, चंदौसी समेत अन्य रूटों पर 243 बसों का संचालन किया जाता है।
एआरएम प्रेम सिंह ने आगे बताया कि डिपो में बसें पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। चालकों और परिचालकों की छुट्टियां भी कैंसिल कर दी गई हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। संभल, चंदौसी मार्ग पर हर 10 मिनट पर बसें हैं। इन रूटों पर बसों का संचालन रात 11 बजे तक किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में रात 11 बजे के बाद भी बसें चला दी जाएंगी।
एआरएम प्रेम सिंह ने यह भी बताया कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए पीतलनगरी बस अड्डे से अयोध्या तक बसों का संचालन किया जाएगा। अयोध्या के लिए 25 से 30 यात्री मिले तो उनके लिए बस लगा दी जाएगी।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल