Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आंनदीबेन पटेल ने विजय दशमी पर्व पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आंनदीबेन पटेल

लखनऊ, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । विजयदशमी (दशहरा) का पर्व दो अक्टूबर दिन गुरुवार को पूरे देश मनाया जाएगा। इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विजय दशमी पर्व और दोनों महापुरुषों की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

राज्यपाल ने बुधवार को अपने बधाई संदेश में कहा कि यह पावन पर्व हमें स्मरण कराता है कि असत्य कितना भी प्रबल क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक को यह प्रेरणा देता है कि हम अपने जीवन से अज्ञान, अन्याय और असत्य रूपी रावण का पराभव कर सद्भाव, साहस और सदाचार के रामत्व को स्थापित करें। इसके अलावा राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।

राज्यपाल ने कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने दिखाया कि बड़े से बड़ा परिवर्तन भी नैतिक मूल्यों और मानवीय आचरण से संभव है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को स्मरण करने के साथ साथ उसे जीवन का पथप्रदर्शक बनाएं। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी उस महात्मा को, जिसने समस्त मानवता को नई दिशा दी।

उन्होंने भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री, सत्यनिष्ठा, सादगी और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री जी को स्मरण करते कहा कि शास्त्री जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि नेतृत्व का अर्थ सत्ता नहीं, सेवा है। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का जो अमर मंत्र दिया, वह आज भी राष्ट्र की आत्मा में धड़कता है और हर नागरिक को कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।———————-

(Udaipur Kiran) / दीपक

Most Popular

To Top