Delhi

(अपडेट) योग हमें सकारात्मक ऊर्जा देता है : रेखा गुप्ता

छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित योग कार्यक्रम में सम्मिलित हुई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, योग केवल व्यायाम या गतिविधि नहीं बल्कि जीवन जीने की एक कला है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित कर हमें अनुशासित, संयमित और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण करता है। मुख्यमंत्री ने यह विचार गुरुवार को छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित भारतीय योग संस्थान के 59वें स्थापना दिवस समारोह एवं योग दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए।

इस विशेष कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। भारतीय योग संस्थान बीते 59 वर्षों से ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करते हुए देश और विदेश में 4,500 से अधिक निशुल्क योग साधना केंद्रों का संचालन कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, योग के माध्यम से हम न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त और भावनात्मक रूप से स्थिर बनते हैं। यह हमें आत्मचेतना, एकाग्रता और संतुलन सिखाता है, जिससे जीवन की चुनौतियों का सामना दृढ़ता और शांति के साथ किया जा सकता है। भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा से उत्पन्न योग आज वैश्विक जीवन-शैली का हिस्सा बन चुका है।

योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्ति किया और कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और वैश्विक दृष्टिकोण ने भारतीय संस्कृति के अमूल्य उपहार योग को विश्व-पटल पर प्रतिष्ठित किया है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा प्रधानमंत्री के प्रस्ताव पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी गई, जो भारत की प्राचीन परंपरा को आधुनिक जीवन का आधार बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था। मुख्यमंत्री ने कहा, बीते 11 वर्षों में योग ने न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति का प्रतीक बनकर करोड़ों लोगों के जीवन को नया आयाम दिया है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से योग आज सीमाओं से परे एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है, जिसने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार किया है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय योग संस्थान की टीम और सभी साधकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की प्रगति और विश्वगुरु बनने का मार्ग तभी प्रशस्त होगा जब हर नागरिक स्वस्थ होगा। योग हमें ‘मी टू वी’ यानी मैं से हम की ओर ले जाने वाली साधना है। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को विजयदशमी, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसरों से जोड़ते हुए कहा कि आज का दिन हमें सत्य, त्याग और सेवा की प्रेरणा भी देता है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top