
जयपुर, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। इससे पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। हालांकि आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने होने की संभावना है। प्रदेश में 24 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 15.5 डिग्री के साथ पिलानी की रात सबसे सर्द रही।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट एक से दो डिग्री तक दर्ज की गई। जयपुर में दिनभर धूप खिली और हल्की हवाएं चली। जयपुर के दिन के तापमान में 1.6 और रात के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य के सभी भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
