HEADLINES

(अपडेट) विपक्ष के पास नेता न नीति, इसलिए हैं फेल : जयंत चौधरी

कोसीकलां में रालोद के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोलते जयंत चौधरी
मथुरा में आयोजित रालोद के राष्ट्रीय अधिवेशन में जयंत चौधरी को पार्टी अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते पार्टी नेतागण
मथुरा में आयोजित रालोद के राष्ट्रीय अधिवेशन में आए पार्टी नेतागण एवं कार्यकर्ताओं की भीड़।

— रालोक के राष्ट्रीय अधिवेशन में जयंत चौधरी फिर सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए

—राष्ट्रीय अधिवेशन में रालोद अध्यक्ष ने आधी आबादी को आगे बढ़ाने पर दिया जोर

मथुरा, 16 नवंबर (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता जयंत सिंह चौधरी ने मथुरा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की जनता ने मुझे पहली बार सांसद चुनकर भेजा। आपका प्यार मैं कभी भुला नहीं सकता। आज राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुझे तीन साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए सभी का आभार है।

सांसद जयंत चौधरी रविवार को जिले के कोसीकलां में आयोजित राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। पार्टी अधिवेशन में कई राजनीति, सामजिक और आर्थिक प्रस्ताप पारित किए गए।

अधिवेशन में निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद जयंत चौधरी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि हम एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास परिवार है, नेता और नीति नहीं है, इसलिए विपक्ष फेल है।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। जयंत ने पार्टी की नीति को लेकर कहा कि रालोद के सक्रिय सदस्य बनें और चौधरी चरण सिंह की नीतियों को आगे बढ़ाएं। गांव, किसान, गरीब की चर्चा होना ही रालोद की जीत है। आधी आबादी को आगे लाने को लेकर रालोद अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाना होगा। पार्टी नेताओं को महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए। महिलाओं को शीघ्र आरक्षण का लाभ मिलेगा। उन्होंने पार्टी विस्तार पर भी जोर दिया। अधिवेशन में आए पदाधिकारियों व नेताओं से कहा कि पार्टी का विस्तार जरूरी है, आप सभी सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि छाता की चीनी मिल बंद पड़ी है, जो हर हाल में चलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने गन्ने का भाव 400 रुपये किया है, हम मिल को फिर से चलवाएंगे। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा स्वतंत्रता सेनानी चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती पर देशभर में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर सवा करोड़ वृक्ष लगाए जाएंगे।

राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने बताया कि मथुरा की पावन-पौराणिक भूमि पर राष्ट्रीय अधिवेशन 2025 का सफल आयोजन हुआ। अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने में योगदान देने वाले रालोद परिवार के सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनमानस के प्रति पार्टी अपना हार्दिक आभार व्यक्त करती है। राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि यह अधिवेशन कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण रहा। किसानों को केंद्र में रखते हुए आर्थिक प्रस्ताव पारित किया गया, युवाओं और महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक प्रस्ताव पर सहमति बनी तथा वैश्विक राजनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को समझते हुए राजनीतिक प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

उन्होंने कहा कि रालोद समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितजन, किसान और मजदूर की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिवेशन को सफल बनाने में दिन-रात जुटे सभी साथियों को पार्टी की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।

इस दौरान राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, महासचिव अनिल दुबे, प्रदेश महासचिव अंकुर सक्सेना, रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित अग्रवाल, उत्तर प्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी, आरूषी, अमन पांडेय समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रालोद के राष्ट्रीय अधिवेशन में राजनीतिक, आर्थिक एवं सामाजिक प्रस्तावों पारित किए गए। पार्टी ने वैश्विक अशांति के मौजूदा दौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर भारत की विश्वसनीयता कायम रखने के लिए केंद्र सरकार की प्रशंसा की गई। इसके अलावा मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने की प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग का सहयोग करने पर सहमति जताई गई। वहीं एक अन्य प्रस्ताव में कहा गया कि ​अमेरिकी टैरिफ के जवाब में आर्थिक संबंधों का विस्तार कर देश को आर्थिक संकट से बचाने के लिए केंद्र सरकार प्रशंसा की हकदार है।

इसके अलावा राष्ट्रीय अधिवेशन में कृषि भूमि का विभाजन एवं पलायन रोकने के लिए ​युवाओं को गांव—कस्बे में ही रोजगार उपलब्ध कराने, उर्वरकों के ​अनियंत्रित उपयोग, फसलों के वि​विधीकरण को बढ़ावा देने की भी बात हुई।अधिवेशन में युवाओं के ​शारीरिक, मानसिक विकास एवं आर्थिक तरक्की के लिए खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव लड़ने की आयु 18 वर्ष करने और महिलाओं के लिए सामाजिक सम्मान एवं राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा