

– लोकतंत्र भाजपा के संस्कार और विचार में बसता है : हर्ष मल्होत्रा -कांग्रेस शुरुआत से ही पंचायत चुनाव के पक्ष में नहीं रही: मुख्यमंत्री -सरकार के कामों और पार्टी की सक्रियता से जीत दर्ज करगी भाजपा : महेंद्र भट्ट
देहरादून, 01 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर महेंद्र भट्ट लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने गए। केंद्रीय राज्यमंत्री व चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को देहरादून में आयोजित भाजपा प्रदेश संगठन पर्व-2025 में उनके नाम की घोषणा की। इस अवसर पर पंचायत, 2027 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत का आह्वान किया गया।
जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रांतीय परिषद की बैठक में ओम् के उच्चारण के साथ महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष पद और राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों के निर्वाचन का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कल्पना सैनी, अजय भट्ट और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा शामिल हैं।
महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पहले कार्यकाल में लोकसभा, पंचायत, विधानसभा उपचुनाव और निकाय चुनावों में पार्टी को शानदार जीत मिली। उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक सदस्यों और 15 हजार सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी जीत हासिल करेगी। डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को गांवों तक पहुंचाने का लक्ष्य है, ताकि कोई भ्रष्ट जनप्रतिनिधि बाधा न बन सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महेंद्र भट्ट और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को ऊंचाइयों तक ले जाती है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही पंचायत चुनाव के खिलाफ रही है और अब मौसम का बहाना बनाकर चुनाव से भाग रही है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र पार्टी के संस्कार और विचार में समाया है। 17 करोड़ सदस्यों वाली पार्टी में बूथ से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव शांति और अनुशासन से होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में अंत्योदय के सिद्धांत से विकास नीचे तक पहुंचता है।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से भाजपा ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। अब तीसरी बार सरकार बनाने और पंचायत चुनाव में भारी जीत का लक्ष्य है।
प्रांतीय परिषद की बैठक में सभी पदों पर अनुमोदन के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने राज्य में संगठन पर्व के संपन्न होने की घोषणा की।
बैठक में सह चुनाव अधिकारी मीरा रतूड़ी, राकेश गिरी, पुष्कर काला, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, नरेश बंसल, महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कल्पना सैनी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल, मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, सतपाल महाराज, रेखा आर्य, विधायक सहदेव पुंडीर अरविंद पांडे भोपाल राम, अनिल नौटियाल बृजभूषण गैरोला, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार, मुकेश कोली, प्रदेश कार्यालय सचिव कस्तूभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान समेत बड़ी संख्या में विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
