Madhya Pradesh

(अपडेट) कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता नभा की हुई मृत्यु

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता (फाइल फोटो)

भोपाल, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लायी गई आठ वर्षीय मादा चीता नभा की शनिवार को मृत्यु हो गई। एक सप्ताह पहले मादा चीता नभा शिकार के प्रयास के दौरान घायल हुई थी। उसे अन्य चोटों के साथ दोनो बाएं, आगे एवं पिछले पैरों में फ्रेक्चर पाया गया था। एक सप्ताह से उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान आज उसकी मृत्यु हो गई।

चीता परियोजना के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वस्तु-स्थिति पता लगेगी। उन्होंने बताया कि कूनो में अब 26 चीते हैं। इनमें 9 वयस्क (6 मादा, 3 नर) और 17 भारत में जन्में शावक हैं, सभी स्वस्थ हैं। इसके अलावा गाँधी सागर अभयारण में दो नर चीते हैं। कूनो में 26 चीतों में से 16 चीते खुले जंगल में विचरण कर रहे हैं। ये कूनो नेशनल पार्क के वातावरण से पूर्णत: अनुकूलित हो गये हैं। हाल ही में सभी चीतों को एंटी एक्टो-परजीवी टीका सफलतापूर्वक लगाया गया है। मादा चीता वीरा और निर्वा अपने नन्हें शावकों के साथ स्वस्थ हैं।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top