RAJASTHAN

(अपडेट) नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से तीन दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश संभव

माैसम

जयपुर, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में एक बार फिर पश्चिम विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। 26 से 29 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ शहरों में बारिश होने की संभावना है। आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश शहरों के रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। प्रदेश के 20 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 26 से 29 अक्टूबर के दौरान बादल छाए रहने व कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने व अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की प्रबल संभावना है। राज्य में हवा में आद्र्रता की औसत मात्रा न्यूनतम 30 तथा अधिकतम 75 प्रतिशत दर्ज की गई। 12.5 डिग्री के साथ सीकर की रात सबसे सर्द रही। 37.4 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 22.7 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही।

जयपुर में सुबह हल्के बादल नजर आए। जयपुर में दिन भर धूप खिली। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान में दोपहर से लेकर देर शाम तक हल्की धुंध रही। यही स्थिति उत्तरी राजस्थान के बीकानेर संभाग के जिलों गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर में रही। रात का पारा 4 डिग्री तक गिरा पश्चिमी विक्षोभ से 21 अक्टूबर को हुई बारिश के बाद बुधवार को मौसम साफ रहा। आसमान में बादल नहीं छाने से रात के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 15.9 और सीकर में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी में पारा 4 डिग्री गिरकर न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का तापमान 32 डिग्री से कम राजस्थान में बुधवार को कुछ शहरों में दिन में भी हल्की ठंडक रही। यहां दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा। सबसे ज्यादा तापमान प्रतापगढ़, झुंझुनूं,उदयपुर में 31.8-31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top