
लखनऊ, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) की अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला एवं जनरल असेंबली सेशन में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस सत्र का विषय था- लोकतंत्र में विश्वास और पारदर्शिता का निर्माण।
उत्तर प्रदेश विधानसभा की ओर से शुक्रवार को यहां जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस अवसर पर सतीश महाना ने भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए कहा कि भारत तथा उत्तर प्रदेश लोकतंत्र में विश्वास, पारदर्शिता और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुदृढ़ता, जनता की सहभागिता और जवाबदेही को लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति बताया।
यह सम्मेलन कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) के तत्वावधान में आयोजित किया गया है, जिसमें 52 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश विधान सभा की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जबकि भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा किया जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला
