


रांची,14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को भारत सरकार के युवा कार्य विभाग के की अगुवाई में सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। “सरदार एट द रेट 150 यूनिटी मार्च” को लेकर आयोजित कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू समेत प्रदेश और जिला स्तर की टोली के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक शशांक राज ने किया।
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार की ओर से देश के महान सपूत, राष्ट्रीय एकता के शिल्पी सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘सरदार एट द रेज 150 यूनिटी मार्च, एक भारत-आत्म निर्भर भारत’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह एक राष्ट्रव्यापी जन-अभियान है, जो सरदार पटेल की अमर विरासत को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरदार पटेल के एकीकृत भारत के दृष्टिकोण को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के मिशन को जोड़ते हुए जनभागीदारी के साथ राष्ट्रीय अभियान बनाएगी।
आदित्य साहू ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि की दिशा में लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों में पदयात्रा कार्यक्रम आगामी 31 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 25 नवंबर तक चलेगा। यह कोई दलीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन अभियान है, जिसमें हजारों लोग तिरंगा के साथ यात्रा में शामिल होंगे। हर लोकसभा क्षेत्र में तीन दिनों तक प्रतिदिन दिन 10-10 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान, सामाजिक कल्याण के कार्य, नशा मुक्ति अभियान, योग स्वास्थ्य शिविर, युवा संपर्क अभियान, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रमों का सफल संचालन सांसद के नेतृत्व में माई भारत, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस जैसे संगठन करेंगे। यात्रा के पड़ाव बिंदुओं पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। साहू ने इस मौके पर राज्य की जनता विशेषकर कर युवाओं से पदयात्रा कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक बालमुकुंद सहाय ने कहा कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम देश की युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा देगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर यात्रा के चार प्रवाह होंगे। पहली गंगा प्रवाह, जो दिल्ली से प्रारंभ होगी, दूसरी यमुना प्रवाह जो जयपुर से प्रारंभ होगी, तीसीा नर्मदा प्रवाह जो नागपुर से प्रारंभ होगी और चौथी गोदावरी प्रवाह जो मुंबई से प्रारंभ होगी। ये सभी प्रवाह आनंद में मिलेंगे और फिर सभी यात्राएं केवड़िया, जिसे एकता नगर के रूप में जाना जाता है, वहां पहुंचकर संपन्न होंगी, जहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि झारखंड के सभी जिलों से भी चयनित पांच-पांच लोग इस राष्ट्रीय यात्रा के शामिल होंगे।
————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
