Delhi

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर केंद्रीय मंत्रियों ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की

विभाजन विभीषिका (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । आजादी से एक दिन पहले देश के विभाजन की भयावह त्रासदी को याद करते हुए ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर गृहमंत्री अमित शाह से लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इस दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि यह दिन देश के विभाजन और उसकी त्रासदी के शिकार लोगों के दर्द को याद कर संवेदना व्यक्त करने का दिन है। कांग्रेस ने देश को टुकड़ों में बांटकर मां भारती के स्वाभिमान को चोट पहुंचाई। विभाजन के कारण हिंसा, शोषण और अत्याचार हुए और करोड़ों लोगों ने विस्थापन झेला। उन्होंने इस विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि देश इस पीड़ा को कभी नहीं भुला पाएगा।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर 1947 के उस दर्दनाक अध्याय को याद करते हुए मैं उन सभी भाइयों और बहनों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्हें भारत के विभाजन के बाद घृणा और हिंसा के भयावह परिणाम सहने पड़े और जान-माल का नुकसान हुआ।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने संदेश में कहा कि विभाजन ने अपार पीड़ा दी और इसके मानवीय व रणनीतिक प्रभाव दूरगामी रहे। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी को झेलने वालों की दृढ़ता को हम आज भी याद करते हैं और इस दर्दनाक अध्याय से कई सबक लिए जा सकते हैं।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी विभाजन के पीड़ितों को याद करते हुए लिखा कि वे उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने इस भीषण हिंसा और नरसंहार में जान गंवाई। उन्होंने अपने माता-पिता का जिक्र करते हुए कहा कि वे भी विभाजन के समय शरणार्थी बनकर भारत आए थे और नई जिंदगी की शुरुआत की थी। विभाजन की विभीषिका को आने वाली पीढ़ियां कभी नहीं भूल पाएंगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस त्रासदी को मानव सभ्यता की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताते हुए पीड़ित परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित कीं। उन्होंने एकता, भाईचारे के महत्व को बताते हुए इस त्रासदी का सामना करने वाले साहस का परिचय देने वालों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह घाव हमें हमेशा याद दिलाता रहेगा कि नफरत और दुश्मनी के परिणाम कितने विनाशकारी हो सकते हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने लिखा कि वे विभाजन के दौरान बलिदान हुए सभी नागरिकों को सादर नमन करते हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने 1947 में विभाजन के दौरान विस्थापन, अत्याचार और मृत्यु जैसी अमानवीय यातनाएं झेलने वाले लाखों निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस, मुस्लिम लीग और कम्युनिस्ट पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जो काम अंग्रेज 1905 में नहीं कर पाए, वह 1947 में इन तीनों ने मिलकर कर दिया। उन्होंने विभाजन को एक षड्यंत्र बताया।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ हमारे देश के इतिहास का एक ऐसा काला दिन है जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने अमानवीय पीड़ा झेलने वाले सभी निर्दोष स्वजनों को नमन किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कांग्रेस की नीतियों पर निशाना साधते हुए लिखा कि विभाजन की त्रासदी हमारे इतिहास का वह गहरा दर्द है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने भारत माता को खंडित किया और करोड़ों लोगों को हिंसा व विस्थापन झेलने पर मजबूर किया। उन्होंने सभी बलिदानी आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top