

– केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने की मप्र के गुना और अशोकनगर जिलों के विकास कार्यों की वर्चुअली समीक्षागुना, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से गुना और अशोकनगर जिलों में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इसमें गुना और अशोकनगर शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, सौंदर्यीकरण, ट्रैफिक सुधार, पर्यटन एवं हेरिटेज क्षेत्रों के विकास संबंधी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
गुना जिले की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि गुना शहर में संचालित प्रत्येक विकास कार्य का उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना, यातायात व्यवस्था को सुगम करना तथा सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और टिकाऊ सामग्री का उपयोग किया जाए तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए योजनाएं क्रियान्वित की जाएं। बैठक में शहर के प्रवेश द्वार, सड़क चौड़ीकरण, ऑक्सीजन पार्क, माधव वाटिका, सेल्फी प्वाइंट, गुनिया नदी विकास, पर्यटन एवं जलक्रीड़ा परियोजनाओं सहित अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
सिंधिया ने निर्देश दिए नागरिक सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा शहर के विकास में स्थानीय इतिहास, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक अवश्य परिलक्षित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जनसहभागिता अनिवार्य है। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से उन्होंने आग्रह किया जनता से संवाद बनाए रखें और प्राप्त सुझावों को योजनाओं में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य गुना को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, साथ ही सांस्कृतिक एवं पर्यटन दृष्टि से आकर्षक बनाना है, यही हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
गुना जिले की बैठक में विधायक पन्नालाल शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, नगर पालिका उपाध्यक्ष धरम सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सारिका लुंबा, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, राजेन्द्र सिंह सलूजा, सांसद प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अशोकनगर की वास्तुकला में झलकनी चाहिए मध्य प्रदेश की वीर गाथाएँ : सिंधिया
केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने आज अशोकनगर जिले की बैठक में शहर के प्रमुख तुलसी सरोवर के विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटन संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अशोकनगर शहर में होने वाले प्रत्येक विकास कार्य का उद्देश्य नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना, शहर की सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहरों का संरक्षण करना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, टिकाऊ सामग्री और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
तुलसी सरोवर बनेगा महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र
सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि तुलसी सरोवर को केवल एक जल निकाय नहीं, बल्कि अशोकनगर का महत्वपूर्ण पर्यटन आकर्षण केंद्र बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सरोवर पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए सुनियोजित पार्किंग सुविधा और हॉकर जोन का निर्माण करने और लेक फ्रंट डेवलपमेंट में स्थानीय चंदेरी पत्थर का उपयोग करने पर के निर्देश दिए ताकि निर्माण में स्थानीय संस्कृति की झलक हो। साथ ही, सरोवर के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए आधुनिक लाइटिंग के प्रयोग पर भी विशेष बल दिया।
अशोकनगर में दिखे मध्य प्रदेश के राजघरानों की वीर गाथाएँ
सिंधिया ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि सभी वास्तुकलाओं में ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक वीर गाथाओं की छवि दिखनी चाहिए। सौंदर्यीकरण में मध्य प्रदेश द्वारा विभिन्न काल खंडों में लड़ी गई लड़ाइयों, उनके संघर्षों और विजय गाथाओं की कहानी झलकनी चाहिए। इन कलाओं से स्पष्ट रूप से वीर योद्धाओं की महान गाथाओं को संदेश मिलने चाहिए। उन्होंने ग्वालियर के महान गायक बैजू बैवरा और महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बैजू बावरा के संबंध में कहा कि महान गायक का इतिहास इस क्षेत्र से जुड़ा हुआ है और उनकी स्मृति में अशोकनगर में उनकी प्रतिमा स्थापित करना उनकी विरासत को अमर करेगा। सिंधिया ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मूर्ति के कारण अशोकनगर को देशभर में एक विशिष्ट पर्यटन पहचान मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों में स्थानीय इतिहास, परंपरा और विरासत की झलक अवश्य परिलक्षित होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने हर प्रोजेक्ट के लिए टाइमलाइन सहित पूरा प्लान मांगा और साथ ही धनराशि का पूर्णत सही उपयोग करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अशोकनगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, साथ ही सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से आकर्षक बनाना है, यही हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान सिंधिया ने सभी से शहरवासियों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता से ही अशोकनगर को एक उदाहरणीय शहर बनाने का आह्वान किया।
बैठक में अशोकनगर जिले के कलेक्टर आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा, विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव व जगन्नाथ सिंह रघुवंशी संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि शामिल रहे।___________
(Udaipur Kiran) तोमर
