धर्मशाला, 24 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय परिवहन एवं उच्च मार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा अपने तीन दिवसीय दौरे पर कल बुधवार को धर्मशाला पहुंच रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री इस दौरान धर्मशाला और पालमपुर का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री बुधवार सुबह दिल्ली से करीब 8:30 बजे कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पंहुचेंगे जहां से वह सर्किट हाउस धर्मशाला आएंगे। यहां सुबह 10 बजे वह पौधरोपण करेंगे। इसके बाद 11 बजे वह केंद्रीय विद्यालय में मॉडल संसद का उद्घाटन करेंगे। 11:30 बजे वह लायंस क्लब में आपातकाल के 50 वर्ष काला अध्याय विषय पर संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद तीन बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। वहीं इसके बाद मैक्लोडगंज में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा मंदिर का दौरा करेंगे। शाम को केन्द्रीय राज्य मंत्री नड्डी भी जाएंगे। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी बबिता मल्होत्रा भी साथ होंगी। उनका रात्रि ठहराव होटल रेडिसन ब्लू में रहेगा। इसी तरह अपने दौरे के दूसरे दिन 26 जून को केंद्रीय राज्य मंत्री शक्तिपीठों मां बगलामुखी, मां बज्रेश्वरी मंदिर और शाम को मां श्री चामुंडा मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। दिन में वह पालमपुर भो जाएंगे जहां थानपुरी परौर फोरलेन का निरीक्षण करेंगे।
अगली सुबह 27 जून को केंद्रीय राज्य मंत्री सुबह मां चामुंडा के दर्शन करने के बाद सिहुनी से रजोल फोरलेन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह दोपहर बाद कि फ्लाइट से गगल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
