
गुवाहाटी, 07 नवम्बर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण असम के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार काे गुवाहाटी पहुंचीं। लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा और मंत्री अजन्ता नेओग ने वित्त मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने इस दौरे के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री असम में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री 7 नवंबर काे ब्रह्मपुत्र नद पर देश के पहले आधुनिक रिवर फेरी टर्मिनल, गुवाहाटी गेटवे घाट टर्मिनल और कचहरी घाट से शहर में नए डीसी बंगले तक ब्रह्मपुत्र रिवरफ्रंट परियोजना का उद्घाटन करेंगी। यह अत्याधुनिक रिवर टर्मिनल गुवाहाटी में सुकरेश्वर घाट के पास स्थित है। राजभवन के पास उजान बाजार में नवनिर्मित ब्रह्मपुत्र रिवरफ्रंट भी इस अवसर पर जनता के लिए खोला जाएगा, जहां से मनोरम दृश्य दिखाई देगा।
इसके साथ ही, सीतारमण गुवाहाटी स्थित जगीरोड में आगामी टाटा सेमीकंडक्टर परियोजना के निर्माण का निरीक्षण करेंगी और सेमीकंडक्टर परियोजना स्थल पर असम के लगभग 300 युवा उद्यमियों से बातचीत करेंगी।
वहीं 8 नवंबर को, सीतारमण असम के गोहपुर जाएंगी और स्वाहिद कनकलता बरुआ राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगी। असम कैबिनेट ने पहले 400 करोड़ की लागत से विश्वविद्यालय के विकास को मंजूरी दी थी। इस संस्थान को तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए प्रदेश के पहले विश्वविद्यालय के रूप में तैयार किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश