Uttar Pradesh

राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में 8.28 करोड़ से बनेंगे नए 70 आंगनबाडी केन्द्र

राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में 70 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जाएगा

-नगर निगम में टेंडर निकालने का प्रोसेस शुरू

-केंद्रों के बनने से नौनिहालों की पढ़ाई में होगा सुधार

अयोध्या, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में 70 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य छोटे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और पोषण को बेहतर करना है, ताकि नौनिहालों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

नगर निगम ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाल ही में टेक्निकल बिड खोली गई है, जिसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन भी कर लिया गया है। अधिकारियों ने सुनिश्चित किया है कि ये केंद्र शहर के उन क्षेत्रों में बनाए जाएंगे, जहां बच्चों और उनके परिवारों को इनकी सबसे अधिक आवश्यकता है।

इस परियोजना के तहत अयोध्या के 41 राजस्व गांवों की पंचायत भूमि को भी नगर निगम में शामिल किया जा रहा है। इस कदम से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच विकास का अंतर भी कम होगा। इन केंद्रों के निर्माण से नौनिहालों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रारंभिक शिक्षा की नींव मजबूत होगी।

विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्री-स्कूल शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योगी सरकार का यह प्रयास न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाएगा, बल्कि माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे अयोध्या के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

8.28 करोड़ में होंगे तैयार नगर निगम के निर्माण

विभाग के मुख्य अभियंता पुनीत ओझा ने बताया कि इन केंद्रों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना से अयोध्या न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से, बल्कि शैक्षिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी एक नया मुकाम हासिल करेगी। परियोजना की लागत तक़रीबन 8.28 करोड़ है।

इन वार्डों में प्रस्तावित है निर्माण

विद्याकुण्ड, हनुमानकुण्ड, रायगंज, विभीषण कुंड, विभीषण कुंड, राम चंद्र परमहँस दास नगर, मीरापुर, देवकाली, स्वर्गद्वार, लक्ष्मण घाट, रामकोट इत्यादि वार्डों के लगते मोहल्लों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रस्तावित है।

(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय

Most Popular

To Top