
भाेपाल, 8 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश में विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बलात्कार से चौंकाने वाले आंकड़े पेश हुए। इन आंकड़ाें के आधार पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश में महिला सुरक्षा काे लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर निर्णय लेने और कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
उमंग सिंघार ने शुक्रवार काे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि प्रिय मोहन यादव जी, कल रक्षाबंधन का पर्व है। यह एक ऐसा अवसर है, जब भाई अपनी बहन की सुरक्षा का वचन देता है। लेकिन, भाई होने के नाते आप इस दायित्व में असफल होते दिख रहे हैं। आपके मुख्यमंत्री और गृह मंत्री रहते हुए, बहनों के साथ हत्या, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और लापता होने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा के आंकड़े पेश करते हुए लिखे, विधानसभा के आँकड़ों के अनुसार प्रदेश में बलात्कार के मामलों में 33% की वृद्धि हुई। प्रतिदिन लगभग 20 महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहा है। प्रतिदिन औसतन 38 महिलाएँ लापता हो रही हैं। इन आँकड़ों से स्पष्ट है कि बहनें असुरक्षित महसूस कर रही हैं। इस रक्षाबंधन पर आप प्रण लें कि बहनों की सुरक्षा के लिए कठोर कदम उठाएँगे। दुराचार करने वाले अपराधी, चाहे वह भाजपा से जुड़ा हो या कोई और, उसे बख्शा नहीं जाएगा। यह बात केवल बोलने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे करके दिखाएँ। इस रक्षाबंधन, यही बहनों के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
