Madhya Pradesh

उज्जैनः मुख्यमंत्री के बेटे का विवाह, माता पूजन की रस्म हुई पूरी

मुख्यमंत्री के बेटे का विवाह, माता पूजन की रस्म हुई पूरी

उज्जैन, 28 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ.अभिमन्यु यादव का विवाह 30 नवंबर को होनेवाले सामुहिक विवाह समारोह में होगा। इसके पूर्व शुक्रवार को विवाह समारोह की शुरूआत माता पूजन के साथ हुई। बैण्ड की धुन पर परिजन चल समारोह में जमकर नाचे। दोपहर में सम्पन्न रस्मों में मुख्यमंत्री डॉ.यादव भी सम्मिलित रहे।

मुख्यमंत्री के पुत्र डॉ.अभिमन्यु यादव का विवाह खरगोन निवासी डॉ.इशिता यादव पटेल से 30 नवंबर को सम्पन्न होगा। डॉ.इतिशा मुख्यमंत्री के परिवार में बहु तो होंगी ही,उनकी बेटी डॉ.आकांक्षा की ननद भी है। डॉ.आकांक्षा का विवाह डॉ.इशिता के भाई से हुआ है। सामुहिक विवाह समारोह सांवराखेड़ी (होटल इम्पीरियल के पीछे) में सम्पन्न होगा। इसमें 21 जोड़ों के साथ 22वां जोड़ा डॉ.अभिमन्यु ओर डॉ.इतिशा का रहेगा। शुक्रवार को माता पूजन चल समारोह उनके गीता कालोनी स्थित निवास से प्रारंभ हुआ। इसमें उनके बड़े भाई नारायण यादव, बहन कलावती यादव,बड़े बेटे वैभव यादव,बहन डॉ.आकांक्षा यादव एवं उनकी माताजी भी शामिल हुई। परिजनों एवं मित्रों के साथ सभी ने खुशियंा बिखेरी।

यादव परिवार द्वारा निकटस्थजनों के यहां जो विवाह पत्रिका भेजी गई है,उसमें खास बात यह है कि सामुहिक विवाह समारोह में निमंत्रित किया गया है। निवेदक यादव परिवार है वहीं यह आग्रह किया गया है कि विवाह समारोह में उपहार लेकर न आएं। आशीर्वाद ही नवयुगल हेतु अमूल्य उपहार है। पत्रिका में वर-वधु के नाम में चि.डॉ.अभिमन्यु यादव एवं सौ.कां. डॉ.इशिता यादव का नाम है। इसके बाद शेष 21 जोड़ों के नाम दिए गए हैं। उल्लेख किया गया है कि-बेटे का विवाह हमारे परिजनों की शुभेच्छानुसार सामूहिक विवाहोत्सव में परिणित किया है। सामाजिक सरोकार के पावन उद्देश्य से रचे-पगे सामुहिक विवाह समारोह के उल्लास में सामाजिक समरसता और सद्भाव से परिपूर्ण इस सामूहिक परिणय मंगल समारोह में 21 नवयुगल परिणय बंधन में गुंथित होंगे। इन्ही 21 जोड़ों के साथ गठबंधन में सप्तपदी सप्तवचनों के साथ मैरे सुपुत्र भी गृहस्थ आश्रम में प्रवेश करेंगे। इस पवित्र आयोजन में आपका आगमन हमारा और नवयुगलों का परम सौभाग्य होगा। सभी नवदंपत्ति आपके आशीर्वाद से अभिसिंचित होकर सौभाग्यशाली होंगे। आपके पधारने से कार्यक्रम की गरिमा में भी अभिवृद्धि होगी। उपहार के लिए क्षमा…..आपका आशीर्वाद ही नवयुगल हेतु अमूल्य उपहार है।

यादव परिवार में 26 नवंबर से विवाह समारोह की रस्में प्रारंभ हो गई थी। जिसमें गणेश पूजन,हल्दी और मेंहदी के कार्यक्रम के बाद शुक्रवार को माता पूजन का कार्यक्रम हुआ। शनिवार को महिला संगीत होगा वहीं रविवार को सामुहिक विवाह समारोह का आयोजन है।

—————

(Udaipur Kiran) / ललित ज्‍वेल