
उज्जैन, 5 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन के मक्सी रोड स्थित ताजपुर चौपाटी के समीप बुधवार को एक बोलेरो वाहन के चालक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक मौके पर बोलेरो छोडक़र भाग निकला।
पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम काठ बड़ोदिया स्थित बिजली उपकेन्द्र में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर पदस्थ संत कबीर नगर निवासी सुनील पिता कैलाश उपाध्याय 42 वर्ष बुधवार सुबह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में कायथा निवासी अब्दुल कादिर ने सुनील से लिफ्ट मांगी और दोनों तराना के लिए रवाना हो गए। ताजपुर चौपाटी के समीप तेज गति से आ रही बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुनील और अब्दुल कादिर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ग्रामीणों ने चरक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर परीक्षण के बाद डॉक्टर ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल कादिर को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। सुनील के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर बोलेरो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल