

– कलेक्टर ने मुख्य समरोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया
– देश भक्ति के गीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रसतुति ने दर्शकों का मन मोहा
उज्जैन, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास व उमंग के साथ शु्क्रवार को मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। कलेक्टर सिंह के द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान और हर्ष फायर हुआ। तत्पश्चात परेड दलों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। परेड दल का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह ने किया। मार्च पास्ट उपरांत कलेक्टर ने परेड दल नायकों से परिचय भी प्राप्त किया।
परेड में 32 वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून , जिला पुलिस बल महिला प्लाटून और जिला होमगार्ड प्लाटून,भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल,विजय राजे गर्ल्स स्कूल सब्जी मंडी,10 एमपी बटालीयन एनसीसी दशहरा मैदान गर्ल्स स्कूल , 02 एमपीआरटी बेट्री एनसीसी बटालियन शासकीय उ.मा.वि माधवनगर ,01 एमपी नेवल एनसीसी शासकीय उ.मा.वि माधवनगर, विजय राजे एनएसएस स्कूल, शौर्य दल, स्काउड गाईउ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर, एनआरएस और 32 वाहिनी बैंड दल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। कलेक्टर ने परेड की सलामी ली और आनंद, उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे हवा में मुक्त विचरण के लिए छोड़े।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भोपाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश वासियों को दिए संदेश का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के संदेश वाचन के पश्चात बधाई संदेश देते हुए कहा कि आनंद और उमंग के इस अवसर पर हम सभी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन सुना। प्रदेश की प्रगति और जन-कल्याण पर मुख्यमंत्री डॉ यादव की दूरदर्शिता और ओजस्वी वक्तव्य ने निश्चित ही हम सबमें उल्लास का संचार कर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित मध्य प्रदेश का लक्ष्य साकार करने के लिए विकसित जिले की संकल्पना और योजना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं। यही हमारे जिले को विशेष बनाती हैं। बाबा महाकाल की कृपा से उज्जैन प्रगति के पथ पर है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में उज्जैन जिले को 3 से 10 लाख जनसंख्या श्रेणी में सुपर स्वच्छता लीग का प्रथम पुरस्कार मिला है। कपिला गौशाला में 1200 गौवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश स्तर पर दूसरा पुरस्कार माननीय मुख्यमंत्री महोदय के करकमलों से प्रदान किया गया। उज्जैन को जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 में प्रदेश में चौथा स्थान मिला है।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उज्जैन जिले में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु आधुनिक सुविधाओं को विकसित कर रही है। क्षिप्रा नदी को प्रवाहमान एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना, सेवरखेडी-सिलारखेडी मध्यम परियोजना शुरु की गई है। क्षिप्रा नदी के दोनों तट पर लगभग 29 किमी के नवीन घाटों के निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। सिंहस्थ में सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण, रोप-वे निर्माण एवं सदावल में हेलीपैड निर्माण कार्य प्रगति पर है। मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉपोरेशन द्वारा 8 परियोजनाओं के तहत कुल 283 किलोमीटर लंबाई के कुल 10,227 करोड़ राशि के मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। अशासकीय एसकेबीएम स्कूल के बच्चों के द्वारा ‘’देश भक्ति गीत-अबके बरस तुझे धरती की रानी’’, शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 के बच्चों के द्वारा ‘’देश भक्ति गीत-आज दिल पर हाथ रख के ये कसम ले’’, शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि के बच्चों के द्वारा-‘’देश भक्ति गीत-कर चले हम फिदा जानोतन’’, अशासकीय कादंबिनी चिल्ड्रन अकादमी के बच्चों के द्वारा-‘’देश भक्ति गीत -मेरा रंग दे बसंती चोला और अशासकीय मदरलेंड स्कूल के बच्चों के द्वारा आपरेशन सिंदूर पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
समारोह में प्रस्तुत परेड में 32 वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल प्रथम,जिला पुलिस बल द्वितीय एवं होमगार्ड प्लाटून तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय जालसेवा निकेतन उमावि प्रथम, अशासकीय मदरलेंड इग्लिश स्कूल द्वितीय और शासकीय उमावि महाराजवाडा क्र.01 तृतीय स्थान पर रहा।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय उमावि दशहरा मैदान में पीएम पोषण कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए आयोजित किए गए विशेष भोज में शामिल होकर विद्यार्थियों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत जयति सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने छात्रों के साथ सहभोज किया। भोजन में आलु छोले की सब्जी, मिक्स वेज, पकोडे, पुडी, सलाद, पापड और खीर बनाई गई थी।
(Udaipur Kiran) तोमर
