HimachalPradesh

प्रधानमंत्री के आपदा राहत पैकेज पर जनता को गुमराह कर रहे उदयभानु चिब : सन्नी शुक्ला

भाजयुमो अध्यक्ष सन्नी शुक्ला

शिमला, 11 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि आपदा जैसी संवेदनशील घड़ी में उदयभानु चिब तथ्यहीन बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार हिमाचल के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं और हरसंभव मदद कर रहे हैं।

सन्नी शुक्ला ने गुरुवार को शिमला से बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं हिमाचल का दौरा किया और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया। यह इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार आपदा की गंभीरता को पूरी संवेदनशीलता से समझ रही है और प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रधानमंत्री ने हिमाचल के लिए 1500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज घोषित किया, जो न केवल त्वरित कदम है बल्कि अब तक का सबसे बड़ा पैकेज है।

भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले किसी भी सरकार ने इतनी तेजी और इतने बड़े स्तर पर हिमाचल के लिए राहत पैकेज जारी नहीं किया। यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री ने आपदा की स्थिति को गंभीरता से देखते हुए इतना बड़ा निर्णय तुरंत लिया और प्रदेश सरकार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

सन्नी शुक्ला ने कहा कि भाजपा के सभी सांसद और नेता इस समय प्रभावितों के बीच मौजूद हैं और लगातार राहत व पुनर्वास कार्यों में जुटे हुए हैं। सांसद प्रदेश को हुए नुकसान की जानकारी केंद्र तक पहुंचा रहे हैं और मदद सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उदयभानु चिब का राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजयुमो अध्यक्ष ने चिब द्वारा भाजपा सांसदों पर की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सांसद पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच हैं और केंद्र में हिमाचल की आवाज बुलंद कर रहे हैं।

सन्नी शुक्ला ने कहा कि उदयभानु चिब को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए था, जिन्होंने इतनी जल्दी इतना बड़ा राहत पैकेज घोषित किया। लेकिन इसके विपरीत उन्होंने तथ्यहीन बयान देकर केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करने और जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। उन्होंने इसे राजनीतिक अवसरवादिता की पराकाष्ठा बताया।

भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासित राज्य हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम और त्रिपुरा ने भी हिमाचल की मदद की है। प्रदेश भाजपा के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार राहत सामग्री लेकर प्रभावितों तक पहुंचा रहे हैं।

सन्नी शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि उदयभानु चिब आपदा जैसे गंभीर विषय पर बयानबाजी से बाज नहीं आते तो भाजयुमो चुप नहीं बैठेगा और उनका कड़ा विरोध व घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि इस समय राजनीति करने का नहीं बल्कि प्रभावित परिवारों की मदद करने का वक्त है।

भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा हिमाचल को प्राथमिकता दी है और इस कठिन घड़ी में भी पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ खड़ी है। आने वाले समय में इसका असर जनता को साफ दिखाई देगा।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top