Haryana

फरीदाबाद में यमुना नदी में जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो युवक डूबे, तलाश जारी

फरीदाबाद, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के फरीदाबाद के किड़ावली गांव में यमुना नदी किनारे जन्मदिन की पार्टी मनाने आए दिल्ली के दो युवक, आयुष और धर्मेंद्र डूब गए। एसडीआरएफ और भूपानी पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन तेज बहाव के कारण अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के मीठापुर में रहने वाले आयुष का रविवार को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने दोस्त धर्मेंद्र और छह अन्य के साथ फरीदाबाद के किड़ावली गांव आया हुआ था। इसी गांव किनारे यमुना नदी बहती है। सभी दोस्त नदी किनारे पार्टी करने लगे। केक काटा गया। इसके बाद कीचड़ में मस्ती कर रहे थे। आयुष व धर्मेंद्र नदी किनारे नहाने जाने लगे, तभी उनका पैर फिसल गया और दोनों डूबने लगे। पानी का बहाव तेज था, इसलिए बाकी छह दोस्त कुछ न कर सके। चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण आए लेकिन तब तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद भूपानी थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की टीम मौके पर आई। यमुना में तेज बहाव की वजह से पुलिस कुछ न कर सकी। इसकी सूचना एसडीआरएफ की टीम को दी गई। टीम लगातार युवकों की तलाश में जुटी है। अब यमुना नदी का जल स्तर दो दिन और तेजी से बढ़ने का अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसलिए युवकों को ढूंढने में अधिक परेशानी हो सकती है।

(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर

Most Popular

To Top