नई दिल्ली, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र के जे.जे. कॉलोनी बवाना में मामूली विवाद ने शनिवार रात दो गुटों के बीच हुई चाकूबाजी हुई। चाकू लगने से 27 वर्षीय मोहम्मद राजा उर्फ बादशाह की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे ई-ब्लॉक स्थित ढोलक वाली मस्जिद के पास दो गुटों में पहले से चल रहे कामकाजी विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट के लोगों ने मोहम्मद राजा (27) पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। राजा को सिर और कमर पर कई वार किए गए। स्थानीय लोग तुरंत उसे महार्षि वाल्मीकि अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस झगड़े में मोहम्मद अकबर (23) भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। घायल अकबर के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने एक 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
