चंडीगढ़, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश का हर सरकारी महकमा कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। सरकारी महकमों में दो लाख से ज्यादा पद खाली है।
हुड्डा ने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में कुल 40294 पद स्वीकृत हैं। इनमें से केवल 21575 कर्मचारी कार्यरत हैं और 18719 पद खाली पड़े हैं। यानी राज्य की बिजली वितरण व्यवस्था लगभग आधे मानव संसाधनों के सहारे चल रही है। यही हाल शिक्षा, पुलिस, पर्यटन, सिंचाई, समेत तमाम विभागों का है।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि नई भर्ती करवाना तो दूर, बीजेपी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट तक नहीं करवा पा रही है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान दो लाख से ज्यादा पक्की नौकरियां दी गई थीं। साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की ऐतिहासिक नीति बनाई गई थी। उस नीति के तहत लगे हजारों कर्मचारी आज भी सरकारी विभागों में नौकरी कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा सरकार के दौरान पक्की नौकरी करने वालों के सिर पर भी निकाले जाने की तलवार लटक रही है। ग्रुप-सी, डी से लेकर ग्रुप-बी तक की भर्तियां कोर्ट में नहीं टिक पा रही हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
