Delhi

आपसी झगड़े में दो दोस्तों ने एक दूसरे पर चाकू से किया हमला, दोनों की माैत

नई दिल्ली, 14 जुलाई (Udaipur Kiran) । पश्चिमी जिले के तिलक नगर इलाके में रविवार देर रात आपसी झगड़े ने दो दोस्तों की जान ले ली। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक बी-ब्लॉक, ख्याला के रहने वाले थे। दोनों काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे। रविवार रात करीब 11 बजे दोनों दोस्त तिलक नगर स्थित पार्क में बैठे थे। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हाे गई। बहस इतनी बढ़ गई कि हाथापाई में तब्दील हाे गई। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि हाथापाई के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला किया। झगड़े में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लाेगाें ने दोनों को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से पुलिस काे सूचना दी गई कि बी-ब्लॉक से दो लोगों को चाकू से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों घायलों को भर्ती तो किया गया, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर है। देर रात इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। जांच में मृतकों की पहचान आरिफ और संदीप के रूप में हुई है। दाेनाें ख्याला (बी ब्लॉक) के रहने वाले थे और एक ही गली में रहते थे।

पश्चिमी जिले के डीसीपी विचित्र वीर के अनुसार पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ भी की है। जिससे झगड़े की असली वजह का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पड़ोसियों व प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि आखिर उन दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ कि आपसी विवाद जानलेवा झगड़े में तब्दील हाे गया।

पुलिस कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, दोनों शादीशुदा थे। जांच में पता चला है कि संदीप का प्रॉपर्टी से जुड़ा कारोबार था और वह पहले एक जिम ट्रेनर भी रह चुका है। वहीं आरिफ प्राइवेट कंपनी में काम करता था।

—————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top