Maharashtra

ठाकरे गुट के दो पूर्व नगरसेवक भाजपा में शामिल

मुंबई, 22 जून (Udaipur Kiran) । शिवसेना (यूबीटी) के दो पूर्व नगरसेवक अपने समर्थकों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। पिछले तीन दिनों में यह उद्धव ठाकरे के लिए दूसरा झटका माना जा रहा है। बीते गुरुवार को पार्टी स्थापना दिवस समारोह के दिन दो पूर्व नगरसवेक अपने समर्थकों के साथ शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हुए थे।

सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार और विधान परिषद में पार्टी के गुट नेता प्रवीण दरेकर की उपस्थिति में ठाकरे गुट के पूर्व नगरसेवक ईश्वर तायडे और पूर्व नगरसेविका आकांक्षा शेट्टी भाजपा में शामिल हुईं। पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें भाजपा की सदस्यता दी गई। शेलार ने कहा कि ठाकरे गुट की हालत दयनीय और जर्जर हो चुकी है। लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। मुंबईकरों, हिंदू त्योहारों, हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को उद्धव ने छोड़ दिया है। इसी वजह से उस पार्टी में कोई रहने को तैयार नहीं है। लोगों को पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व पर भरोसा है। भाजपा और सरकार मुंबई वासियों और मुंबई के विकास के लिए प्रयासरत है। मुंबई में लगभग 7 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं।

शेलार ने कहा कि मुंबई मनपा में ठाकरे गुट के संख्या बल को पार करके भाजपा नंबर वन पार्टी बन गई है। दरेकर ने कहा कि उद्धव सहानुभूति पाने की कोशिश कर रहे हैं। वे भाजपा पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं। जबकि टूट रही पार्टी के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं। कुछ दिनों में उनकी पार्टी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। भाजपा किसी को तोड़ने नहीं बल्कि विकास और एकजुटता को अहमियत देती है। भ्रष्टाचार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top