Uttar Pradesh

गोरखपुर में धार्मिक स्थलों को विकसित करने के लिए दो करोड़ 67 लाख स्वीकृत

झारखंडी मंदिर गोरखपुर (फाइल फोटो)

लखनऊ, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । गोरखपुर में धार्मिक स्थलों को विकसित करके धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने दो करोड़ 67 लाख रूपये की सात परियोजनाएं स्वीकृत की है। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

जयवीर सिंह ने मंगलवार काे बताया कि गोरखपुर के मंदिरों में मां करवल देई मंदिर, भूलेश्वर मंदिर, पोछिया ब्रह्मस्थान, झारखंडी महादेव मंदिर, खजनी महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा। इन मंदिरों के आस-पास बुनियादी सुविधाएं सृजित होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। जिससे संस्कृति, संस्कार तथा आस्था के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।

पर्यटन मंत्री ने मंदिरों काे लेकर बताया कि गोरखपुर जिला मुख्यालय से 43 किलोमीटर दूर बांस गांव क्षेत्र के मझगांवा में मां करवल देई का प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इस धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर 38.29 लाख रुपये खर्च होंगे। सहजनवां के विकास खंड पाली स्थित प्राचीन भूलेश्वर मंदिर के क्षेत्रीय विकास के लिए कुल 38.29 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि से मंदिर परिसर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार सहित पर्यटन से जुड़ी आवश्यक संरचनाओं का विकास किया जाएगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि गोरखपुर में विकास खंड खोराबार के ग्राम सभा अकोहरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर स्थल (पोछिया ब्रह्मस्थान) का पर्यटन विकास कार्य कराए जाएंगे। इस धार्मिक स्थल के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए कुल 38.42 लाख रुपये खर्च होंगे। महादेव झारखंडी मंदिर भोलेनाथ के भक्तों के दर्शन के लिए मुख्य केंद्र है। सावन के महीने में अलग अलग राज्यों से लाखों की संख्या में शिवभक्त यहां उमड़ते हैं। इस मंदिर के पास बहुत बड़ा मेला लगता है। इस स्वयंभू शिवलिंग पर कुल्हाड़ी के कई निशान हैं। शिवलिंग खुले आसमान के नीचे है। मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 37.75 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए गए हैं।

मंत्री ने बताया कि गोरखपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित खजनी महादेव शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 38.35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएगी।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि गोरखपुर जिले के चौरीचौरा तहसील अंतर्गत विकास खंड ब्रह्मपुर के नदुआ ज्ञानपार गांव में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 38.45 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों की परियोजना स्वीकृत की गई है। तहसील गोला अंतर्गत चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के विकास के लिए 38.15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इस परियोजना के तहत स्थानीय धार्मिक आस्था के केंद्र को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / श.चन्द्र

Most Popular

To Top