
नोएडा, गौतमबुद्ध नगर, 09 नवम्बर (Udaipur Kiran) । सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर किशोरी को अगवा कर उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो आरोपितों को थाना फेस-वन पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। उन्हें आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दोनों आरोपितों ने किशोरी को दिल्ली के न्यू अशोक नगर के एक कमरे में छिपाकर रखा था।
थाना फेस-वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि कक्षा नौ में पढ़ने वाली 15 वर्षीय किशोरी 30 सितम्बर को अचानक घर से लापता हो गई। परिजन उसे अपने स्तर पर तलाश किये, लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला। किशोरी के पिता ने इस मामले में जिला बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी यथार्थ भाटी और शुभम सिंह पर अगवा कर ले जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार आरोपितों को पकड़ने और किशोरी को बरामद करने में जुटी थी। बीते दिनों चार नवम्बर को सूचना के आधार पर पुलिस ने किशोरी को जिला हरदोई की गुप्ता कॉलोनी में रहने वाले यश गुप्ता के कमरे से बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि किशोरी का डाक्टरी परीक्षण करवाया गया तथा उसे न्यायालय में बयान के लिए पेश किया गया।
किशोरी ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में बताया कि उसके साथ यथार्थ भाटी और यश गुप्ता ने दुष्कर्म किया है। इसके बाद पुलिस ने आज एक सूचना के आधार पर न्यू अशोक नगर बॉर्डर के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि यथार्थ भाटी ने इंस्टाग्राम के जरिये किशोरी से सम्पर्क किया और प्रेम जाल में फंसा लिया। 30 सितम्बर को वह उसे अपने साथ ले गया और यश गुप्ता के कमरे पर छिपाकर रखा। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित एक प्राइवेट कम्पनी में काम करते हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी