Chhattisgarh

कांजीहाऊस से पच्‍चीस मवेशी गायब

सड़क में विचरण करते हुए मवेशी।

धमतरी, 25 जुलाई (Udaipur Kiran) । धमतरी शहर में यहां-वहां घूमते बेसहारा मवेशिशाें काे पकड़कर निगम द्वारा ग्राम अर्जुनी-खपरी मार्ग में स्थित सिटी बस की बिल्डिंग में नगर निगम द्वारा संचालित कांजी हाऊस में रखा जाता है। यहां पर पकड़ कर रखे गए 25 मवेशी गायब हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों द्वारा रात में गेट खोलकर ले जाने का अंदेशा है। मवेशियों के गायब होने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। इधर कांजी हाऊस से निकाले गये मवेशी अपने-अपने मालिकों के घर में पहुंच गये हैं। स्थाई रूप से यहां रखे गये 56 मवेशी अभी भी कांजी हाऊस में ही हैं। गेट खुलने के बावजूद वे बाहर नहीं निकले। नगर निगम द्वारा विगत कई वर्षों से कांजी हाऊस का संचालन ग्राम अर्जुनी के पास सिटी बस के स्टेंड बिल्डिंग में किया जा रहा है। वर्तमान में 56 मवेशी हैं। जिसकी देखरेख निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों द्वारा की जाती है। दिनभर मवेशियों की सेवा के बाद कर्मचारी शाम को गेट में ताला लगाकर घर लौट आते हैं। मंगलवार को शहर से 25 से 30 मवेशियों को पकड़कर कांजी हाऊस में रखा गया। मंगलवार की रात को अज्ञात लोगों ने गेट खोलकर मवेशियों को खदेड़ दिया। सभी मवेशी अपने मालिकों के घर तक पहुंच गए हैं। कुछेक मालिकों ने अपने गायों को जुर्माना देकर छुड़ाया। नगर निगम के कांजी हाऊस प्रभारी दीपक पांडे ने बताया कि मंगलवार को सुबह पकड़े गए मवेशियों को कांजी हाऊस में रखा गया था। गेट खोलकर मवेशियों को बाहर निकाल दिया गया। इसकी लिखित जानकारी कांजी हाऊस में तैनात कर्मचारियों द्वारा मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top