West Bengal

कूचबिहार नगर पालिका में 70 से अधिक फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिलने से हड़कंप

कूचबिहार, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) ।कूचबिहार नगर पालिका में फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों का बड़ा मामला सामने आया है। एक-दो नहीं, बल्कि 70 से अधिक फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं। इनमें से कई में नगर निगम की वाइस चेयरमैन अमीना अहमद के नकली हस्ताक्षर पाए गए हैं। इतना ही नहीं, नपा के अन्य अधिकारियों के भी नकली हस्ताक्षर इन प्रमाणपत्रों में दर्ज हैं। घटना के उजागर होते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, पहले नगर निगम से हाथ से लिखे हुए जन्म प्रमाणपत्र दिए जाते थे। अब डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र जारी किए जाते हैं। इसके लिए निगम में अलग विभाग भी है। हाल के दिनों में ग्रामीण इलाकों से कुछ लोग, मुख्यतः कूचबिहार एमजेएन मेडिकल कॉलेज के नाम पर बने प्रमाणपत्र लेकर डिजिटलीकरण कराने आ रहे थे। इन्हें जांचने पर कर्मचारियों को गड़बड़ी का संदेह हुआ। लाल रंग के कागज़ पर बनी, मोहर और हस्ताक्षरयुक्त ये प्रमाणपत्र असली जैसे दिखते थे, लेकिन जांच में ये फर्जी साबित हुए।

जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल 2018 से एमजेएन मेडिकल कॉलेज में जन्मे बच्चों के प्रमाणपत्र अस्पताल से ही जारी होते हैं। उससे पहले जन्म प्रमाणपत्र निगम से मिलते थे। जिन फर्जी प्रमाणपत्रों का भंडाफोड़ हुआ है, उनमें 2003-2004 के दस्तावेज भी शामिल हैं। कुछ बाद के वर्षों के भी प्रमाणपत्र पाए गए हैं। इन सभी को लमिनेशन कर पेशेवर तरीके से तैयार किया गया था।

वाइस चेयरमैन अमीना अहमद ने कहा, “डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र शुरू होने के बाद कर्मचारियों ने मेरे नकली हस्ताक्षर वाले प्रमाणपत्र पकड़े। जांच में साफ हो गया कि वे सभी जाली हैं। इसके बाद से हम उन्हें रोक रहे हैं। लेकिन जो लोग ये प्रमाणपत्र लेकर आ रहे हैं, वे यह साफ नहीं बता रहे कि उन्हें कहां से मिले। मैंने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला जांच का विषय है।”

नगर पालिका के चेयरमैन रवींद्रनाथ घोष ने कहा, “यह धांधली उस समय से हो रही है जब मैनुअल प्रमाणपत्र जारी होते थे। अब डिजिटल सिस्टम आने से ये मामले पकड़ में आ रहे हैं। एसआईआर विवाद के बीच कई लोग प्रमाणपत्र डिजिटाइज कराने आ रहे हैं। स्पष्ट है कि एक गिरोह काम कर रहा है। गांव के साधारण लोग इन फर्जी दस्तावेजों को असली मान रहे हैं। पुलिस निश्चित रूप से जांच करेगी।”

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top