WORLD

ईरान-इजराइल संघर्षविराम में अहम भूमिका पर ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किया गया नामित

ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किया गया नामित

-कार्टर ने ट्रंप की भूमिका को बताया अद्वितीय

वॉशिंगटन/ओस्लो, 24 जून (Udaipur Kiran) । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को हाल ही में ईरान और इजराइल के बीच संघर्षविराम समझौते में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए औपचारिक रूप से नामित किया गया है। यह नामांकन अमेरिका के कांग्रेस सदस्य अर्ल एल. बडी कार्टर ने किया है।

कांग्रेस सदस्य बडी कार्टर ने नॉर्वे स्थित नोबेल समिति को भेजे गए अपने पत्र में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक ऐतिहासिक और साहसिक पहल के तहत ईरान-इजराइल संघर्ष को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाई और ईरान को ‘दुनिया के सबसे खतरनाक हथियार’ (परमाणु हथियार) को हासिल करने से रोका।

कार्टर ने पत्र में लिखा है, “राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान और इजराइल के बीच पूर्ण संघर्षविराम की घोषणा की, जो अब सैन्य गतिविधियों के पूर्ण विराम, आगे किसी तरह के तनाव के न होने और मध्य पूर्व तथा पूरी दुनिया में लाखों लोगों के जीवन की रक्षा सुनिश्चित करेगा।”

कार्टर ने यह भी कहा कि ट्रंप की निर्णायक कूटनीतिक कार्रवाई और नेतृत्व उस आदर्श का उदाहरण है, जिसे नोबेल शांति पुरस्कार मान्यता देता है। जैसे कि शांति की खोज, युद्ध की रोकथाम और अंतरराष्ट्रीय सौहार्द का प्रसार।

पत्र में यह भी कहा गया है कि ट्रंप ने जिस तरह से तेजी और मजबूती से संघर्षविराम समझौता कराया, वह क्षेत्रीय अस्थिरता और ऐतिहासिक शत्रुता से घिरे पश्चिम एशिया के परिप्रेक्ष्य में बहुत दुर्लभ उपलब्धि है। उन्होंने लिखा कि “ऐसे समय में जब दुनिया युद्ध की दहलीज पर थी, राष्ट्रपति ट्रंप ने साहस और स्पष्टता के साथ हस्तक्षेप किया और शांति की एक नई उम्मीद जगाई।”

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top