HimachalPradesh

कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला: त्रिलोक कपूर

शिमला, 24 जून (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार ने विकराल रूप धारण कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार इतनी तेजी से फैल रहा है कि ईमानदार अधिकारी या तो जान गंवा रहे हैं या फिर डिपुटेशन पर जा रहे हैं, क्योंकि उनसे भी जबरन भ्रष्ट कार्यों में शामिल होने का दबाव डाला जा रहा है।

कपूर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली सरकार केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित फिना सिंह योजना में भी भ्रष्टाचार के रास्ते तलाश रही है। टेंडर प्रक्रिया में जानबूझकर गड़बड़ी कर प्रदेश को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की चहेती कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर शर्तों में इस तरह से बदलाव किए गए कि कई बड़ी और अनुभवी कंपनियों को प्रक्रिया से बाहर होना पड़ा। इससे प्रतिस्पर्धा कम हो गई और मनचाही कंपनियों को अनुबंध मिलने का रास्ता साफ हो गया।

उन्होंने कहा कि फिना सिंह परियोजना के लिए जहां टेंडर की अनुमानित लागत 297 करोड़ रुपये थी, वहीं न्यूनतम बोली 304 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गई। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार का उद्देश्य लागत में बचत नहीं, बल्कि अपनी पसंदीदा कंपनियों को लाभ पहुंचाना है, भले ही उनका डैम निर्माण का कोई अनुभव न हो।

त्रिलोक कपूर ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार पहले भी पेखुवेला सोलर प्रोजेक्ट्स में दोगुनी लागत पर निर्माण करवा चुकी है और इसी भ्रष्टाचार की लड़ाई में चीफ इंजीनियर विमल नेगी की जान चली गई।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top