Chhattisgarh

पुलिस स्मृति दिवस पर बलिदानियों को दी गई श्रद्धांजलि

शहीद स्मारक में पुष्पांजलि अर्पित करते महापौर विजय देवांगन।
बलिदानी परिवार के सदस्यों से मिलते कलेक्टर नम्रता गांधी और पुलिस अधीक्षक अंजनेय वार्ष्णेय।

धमरतरी, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।पुलिस रक्षित केंद्र धमतरी में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही बलिदानियों के स्वजनों की समस्या सुनकर उसे दूर करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिए है।

पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, नगर निगम धमतरी के महापौर विजय देवांगन, कलेक्टर नम्रता गांधी, एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम उपस्थित थे। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बलिदानी पुलिस जवानों के नामावली सूची का वाचन किया। इसके बाद रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा के नेतृत्व में बलिदानी परेड के जवानों द्वारा सलामी शोक शस्त्र के साथ अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात कार्यक्रम में उपस्थित कलेक्टर, एसपी, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों, बलिदानी परिवार के सदस्यों, पूर्व सैनिकों सहित अन्य लोगों ने बलिदानी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर बलिदानियों को नमन किया।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के पास हार स्प्रिंग्स इलाके में चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में बलिदानी 10 वीर पुलिस जवानों को सम्मान देने के लिए हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रुप में मनाया जाता है।परेड समापन के बाद कलेक्टर नम्रता गांधी व एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने बलिदानी परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में सितंबर 2023 से अक्टूबर 2024 तक 216 वीर बलिदानियों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी और वीर गति को प्राप्त किए। इनके नाम का वाचन किया गया। इस अवसर पर डीएसपी नेहा पवार, डीएसपी भावेश साव, डीएसपी ट्रैफिक मणिशंकर चंद्रा, होम गार्ड कमांडेंट शोभा ठाकुर, थाना प्रभारी धमतरी, रूद्री, अर्जुनी, पूर्व सैनिक गण, सेवानिवृत पुलिस अधिकारी एवं समाज सेवी एवं वरिष्ठ नागरिक, एनसीसी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top