RAJASTHAN

जनजातीय गौरव दिवस : रेलवे ने भगवान बिरसा मुंडा को जयंती पर किया याद

jodhpur

जोधपुर, 17 नवम्बर (Udaipur Kiran) । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी सहित मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मंडल रेल प्रबंधक त्रिपाठी ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी योद्धाओं में से एक थे, जिन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर सामाजिक सुधार और आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। रेलवे उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को हमेशा स्मरण रखेगा और सभी को उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर उनके बताए गए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे कर्मचारियों को बिरसा मुंडा के जीवन और उनके प्रेरणादायी संघर्षों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस से जुड़ी प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में डीआरएम के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक विक्रम सिंह सैनी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) मेजर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अरविंद शर्मा और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिरसा मुंडा की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

(Udaipur Kiran) / सतीश