
मुंबई, 15 नवंबर ( हि.स.) । केंद्र सरकार की रेबीज मुक्त भारत नीति के तहत, ठाणे नगर निगम सीमा में वर्ष 2024 से रेबीज मुक्त ठाणे अभियान चलाया जा रहा है। ठाणे महानगर पालिका की ओर से आज बताया गया है कि कल (14 नवंबर) से नगर निगम सीमा में रेबीज पल्स अभियान के साथ-साथ दैनिक टीकाकरण अभियान भी शुरू हो गया है।
आयुक्त सौरभ राव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ठाणे शहर को 2030 तक रेबीज नियंत्रित क्षेत्र घोषित करना है।
ठाणे नगर निगम ने जनवरी-फरवरी 2024 और 2025 में पल्स टीकाकरण अभियान कार्यक्रम के तहत जनवरी 2024 में 7,409 आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया है। चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रसाद पाटिल ने बताया कि फरवरी 2025 में 11,582 आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया गया।
इस अभियान में आवारा कुत्तों और बिल्लियों को रेबीज का टीका लगाया जाएगा और आवारा कुत्तों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टर कॉलर पहनाए जाएँगे। इस पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए, एनिमल फ्रेंड्स सोसाइटी के स्वयंसेवकों और स्थानीय गैर सरकारी संगठनों की मदद और भागीदारी से कार्यक्रम को क्रियान्वित किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / रवीन्द्र शर्मा