RAJASTHAN

भोलेनाथ की भक्ति में डूबी तीर्थनगरी पुष्कर

भोलेनाथ की भक्ति में डूबी तीर्थनगरी पुष्कर, सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भोलेनाथ की भक्ति में डूबी तीर्थनगरी पुष्कर, सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

अजमेर, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । सावन के दूसरे सोमवार को तीर्थनगरी पुष्कर शिवभक्ति में रंगी नजर आई। हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़ यात्राओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु महिलाओं और पुरुषों ने पवित्र पुष्कर सरोवर से जल भरकर आस-पास के शिवालयों में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

सैकड़ों कांवड़िए जहां डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए, वहीं जगह-जगह फूलों की वर्षा से उनका स्वागत किया गया। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी भोले की भक्ति में डूबे दिखाई दिए।

रविवार रात्रि से ही पुष्कर बोल बम तड़क बम के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालु रातभर सरोवर का जल भरने के बाद सोमवार सुबह विभिन्न शिवालयों में सहस्त्रधारा, रुद्राभिषेक और शिव पूजन में जुटे।

गनाहेड़ा से निकली विशेष कांवड़ यात्रा

पुष्कर के निकटवर्ती गनाहेड़ा गांव से सैकड़ों ग्रामीणों ने डीजे की धुन पर नाचते हुए भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। श्रद्धालु युवक-युवतियां, बुजुर्ग और बच्चे शिव नाम संकीर्तन के साथ भोलेनाथ के दर्शन के लिए निकले। रास्ते भर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

राधे राधे सेवा समिति की भव्य कलश यात्रा

सावन सोमवार के पावन अवसर पर राधे राधे सेवा समिति, पुष्कर की ओर से मुख्य गऊ घाट से एक भव्य कांवड़ एवं कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में, गाजे-बाजे और डीजे की धुनों पर नाचती-गाती हुई सहभागी बनीं।

यात्रा कपालेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां मंदिर के महंत सेवानंद गिरी और वासुदेव गिरी ने पुष्पवर्षा कर सभी महिलाओं का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने पवित्र सरोवर का जल भगवान शिव को अर्पित किया और देश में अमन-चैन व शांति की कामना की।

राधे राधे सेवा समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी पाराशर ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष सावन के सोमवार को महिला श्रद्धालु इस भव्य कांवड़ यात्रा में भाग लेकर भोलेनाथ का अभिषेक करती हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Most Popular

To Top