Uttrakhand

नए वार्डों के व्यावसायिक भवनों का तीन साल का टैक्स माफ होगा

Tax Maff

हल्द्वानी, 25 जून (Udaipur Kiran) । प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नए वार्डों में भवन कर लिए जाने के विरोध में नगर निगम में प्रदर्शन किया। इस दौरान मेयर गजराज सिंह बिष्ट से मिले शिष्टमंडल ने वर्ष 2022 से भवन कर लिए जाने का विरोध किया।

इस पर मेयर ने व्यापारियों को तीन साल का टैक्स माफ किए जाने का आश्वासन दिया। बताया कि व्यावसायिक भवनों से इस वित्तीय वर्ष से ही टैक्स लिया जाएगा। वहीं घरेलू भवनों का टैक्स 2028 से जमा करना होगा।

दरअसल निगम के नए वार्डों में व्यावसायिक भवनों से कर लिए जाने का विरोध तेज होता जा रहा है। व्यापार मंडल की ग्रामीण इकाई के सदस्यों ने नगर निगम पहुंच कर नोटिस भेजने के विरोध में प्रदर्शन किया।

इसके बाद व्यापारियों के शिष्टमंडल ने मेयर से वार्ता कर वर्ष 2022 से व्यावसायिक भवनों का टैक्स जमा करने लिए नोटिस भेजे जाने का विरोध किया। कहा कि निगम में शामिल किए जाने के दौरान दस वर्ष तक टैक्स नहीं लेने की घोषणा की गई थी। अब बिना सुविधाओं को विकसित किए टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा जा रहा है। एक साथ कई वर्षो के टैक्स की मांग किए जाने से लोगों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है। इस दौरान दस साल तक टैक्स नहीं लिए जाने की मांग की गई।

वहीं मेयर ने बताया कि निगम में शामिल किए जाने के दौरान केवल घरेलू भवनों को छूट दी गई है। लंबे समय से कार्रवाई लंबित होने से कई साल का टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा गया है। उन्होंने व्यावसायिक भवन स्वामियों को राहत देने के लिए अप्रैल 2022 से मार्च 2025 तक के टैक्स में छूट देने का आश्वासन दिया। साथ ही बताया कि अब वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ही भवन कर लिया जाएगा। वहीं स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि घरेलू भवनों के लिए केवल सर्वे डाटा के अनुसार सूचना पत्र भेजा जा रहा है। घरेलू भवनों के लिए 2028 में टैक्स जमा होगा।

(Udaipur Kiran) / DEEPESH TIWARI

Most Popular

To Top