RAJASTHAN

महामंडलेश्वर चेतनदास पंचतत्व में विलीन,  हजारों नम आंखों ने दी विदाई

चित्तौड़गढ़ जिले के मुंगाना में शनिवार को निकाली डोल यात्रा में उमड़े लोग।

चित्तौड़गढ़, 5 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले में कपासन उपखंड क्षेत्र में स्थित सांवलिया धाम मुंगाना के संत मेवाड़ महामंडलेश्वर चेतनदास महाराज की देह शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। मुंगाना स्थित आश्रम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं व उनके भक्तों ने अंतिम विदाई दी। यहां करीब 30 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। महामंडलेश्वर का शुक्रवार को 90 साल की आयु में ह्दयघात से देहावसान हुआ था। इसके बाद महामंडलेश्वर का शव अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। वहीं शनिवार सुबह मुंगाना स्थित सांवलिया धाम आश्रम से अंतिम यात्रा शुरु हुई, जिसने गांव का भ्रमण किया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की और अंतिम दर्शन के लिए टकटकी लगाए रहे। अंतिम यात्रा के दौरान उड़ रही गुलाल के बीच उनके अनुयायी भजन गाते दिखे। बड़ी संख्या में भक्तों ने पुष्प वर्षा कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान कई राज्यों से संत अंतिम विदाई देने पहुंचे। यात्रा के बाद उनके पाटवी शिष्य अनुज दास महाराज और रामपाल सहित कई लोगों ने मुंडन करवा कर विदाई दी।

संतों व जनप्रतिनिधियों संताें का लगा तांता

महामंडलेश्वर चेतनदास को अंतिम विदाई देने के लिए आसपास के गांवों के हजारों लोग पहुंचे। वहीं उनके अनुयायी दूर दराज के क्षेत्रों से भी अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ पड़े। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी सहित विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, श्रीचन्द्र कृपलानी, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। उनकी अंतिम यात्रा में मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के संत भी सांवलिया धाम आश्रम पहुंचेे।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top