
धमतरी, 6 सितंबर (Udaipur Kiran) ।भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा छह सितंबर को एक दिवसीय प्रवास पर धमतरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो करते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे।
शनिवार को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद राहुल योगराज टिकरिहा पहली बार धमतरी जिले के प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान सबसे पहले मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद यहां से खुली जीप में सवार होकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो कर जिला भाजपा कार्यालय गए। इस दौरान राहुल टिकरिहा ने कहा कि भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश युवा मोर्चा का दायित्व सौंपा गया है। युवाओं को संगठन से जोड़ना और संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार चल रही है। सरकार की योजनाओं को युवाओं तक पहुंचाकर उनके सपनों को साकार करेंगे। युवाओं के प्रति निरंतर काम जारी रहेगा। आज चौथा जिला का प्रवास है। संगठन की दृष्टिकोण से 36 जिले हैं, जब तक सभी जिलों का दौरा पूरा नहीं हो जाता संगठन में बदलाव को लेकर कोई विचार नहीं है। संघर्ष करने वाले युवाओं और कार्यकर्ताओं को संगठन में लिया जाएगा। इसके साथ ही युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाने वालों का भी चयन करना है। संगठन को मजबूत कर युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़ना है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष कैलाश सोनकर ने कहा कि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का पहला धमतरी दौरा था। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है। इनके स्वागत में रोड शो किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्यामा नरेश साहू, निगम सभापति विजय मोटवानी, सूरज शर्मा, शुभम यदु, राजीव सिन्हा, अविनाश दुबे, जय हिंदूजा, राहुल चोपड़ा, भागवत साहू, सुभाष चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
