HimachalPradesh

धारकंडी में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं पर व्यय होंगें 4.83 करोड़ : केवल पठानिया

उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया बैठक करते हुए।

धर्मशाला, 28 जून (Udaipur Kiran) ।

शाहपुर विधानसभा के अन्तर्गत धारकंडी क्षेत्र की सात पंचायतों के लिए जलशक्ति विभाग द्वारा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होते ही हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। यह जानकारी उपमुख्य सचेतक एवं विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को रिड़कमार में आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत दी।

इस अवसर पर उन्होंने फॉरेस्ट हट रिड़कमार के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा विकास खंड कार्यालय द्वारा ग्रामीण स्तर पर क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाएं प्रशासन की प्राथमिकता में होनी चाहिए ताकि विकास की गति और तेज हो सके। उन्होंने रिड़कमार स्थित वन विश्राम गृह में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय जनसमस्याओं पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

विधायक ने इस दौरान दी दरिणी कृषि सेवा सहकारी सभा समिति का औचक निरीक्षण किया और वन विभाग की पौधशाला रिड़कमार का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि यहां तैयार किए जा रहे पौधे पूरे धारकंडी क्षेत्र में रोपे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top