
कोलकाता, 12 सितम्बर (Udaipur Kiran) ।
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों की भीषण उमस और तपिश के बाद शुक्रवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि कूचबिहार से ओडिशा तट तक एक निम्न दबाव की रेखा बनी है। इसके असर से उत्तर बंगाल के सभी जिलों में मंगलवार तक अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अलिपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में शुक्रवार से रविवार तक भारी बारिश का अनुमान है।
कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में शुक्रवार को मध्यम बारिश हो सकती है। रविवार और सोमवार को बारिश की मात्रा और दायरा और बढ़ने की संभावना है। अगले मंगलवार को भी दक्षिण बंगाल में बारिश जारी रह सकती है। वहीं, अन्नपूर्णा और विश्वकर्मा पूजा के दिन दक्षिण बंगाल के आठ जिलों में कहीं भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। तटीय इलाकों के दो जिलों में बारिश कुछ ज्यादा होने की संभावना है।
बारिश के बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिलेगी। कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था। वहीं शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 88 प्रतिशत और न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज की गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार को दिन का तापमान करीब दो डिग्री और रात का तापमान एक से 1.5 डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि हल्की बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बनी रहने की आशंका है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
