
-कल्याण बोले, सेवा पखवाड़ा करवा रहा कर्तव्यबोध
-विधायक व अधिकारियों ने एमएलए हॉस्टल परिसर में लगाए 300 पौधे
चंडीगढ़, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधान सभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को एमएलए हॉस्टल परिसर में पलाश का पौधा लगाकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद एनआईटी फरीदाबाद से विधायक सतीश कुमार फागना और विधान सभा अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया। इस अवसर पर ट्रैवलर पाम, सेगियम, एरोकेरिया, पलाश, मिशेलिया चम्पाका, कटोसिया, हिबिस्कुस, थ्यूजा, बेला पत्ता अंजीर, इक्सोरा, फिक़स पांडा, नेकोडिया आदि के 300 से अधिक पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा देश के प्रत्येक व्यक्ति को कर्तव्यबोध करवाने के साथ सेवा की भावना जागृत कर रहा है। हरियाणा में अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए मुख्यमंत्री व मंत्रियों से लेकर सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी और आम जन तक इस प्रकार की समाज उपयोगी गतिविधियों में लगे हैं। विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि नारी शक्ति, युवा, किसान और गरीब व्यक्ति विकसित भारत के चार स्तंभ हैं, जिनके उत्थान के लिए बड़े स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। केंद्र सरकार की ओर से गत 17 सितंबर को शुरू किए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान को मातृशक्ति के लिए वरदान बताते हुए विस अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के तहत देश भर में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक लाख स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
विस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो लगातार मजबूत हो रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों की कल्पना के अनुसार ही देश लगातार आगे बढ़ रहा है। विकास की इस यात्रा में विधायिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। अच्छी चर्चा से अच्छी योजनाएं बनती हैं, अच्छे कानूनों का निर्माण होता है। यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगाह किया कि किसी भी व्यक्ति को देश की व्यवस्थाओं को लेकर गैर जिम्मेदारान बयान नहीं देना चाहिए। लोगों का संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार विश्वास बढ़ा है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
