Madhya Pradesh

खुलते जा रहे हैं लुटेरी दुल्हन से जबलपुर-दमोह-शाजापुर के पीड़ितों के राज

लुटेरी दुल्हन

जबलपुर, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले निवासी लुटेरी दुल्हन जिसे उज्जैन पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को ठगने के मामले में गिरफ्तार किया है इस मामले में एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह के सरगना को तीन अन्य दलालों के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस गैंग ने पूरे मध्य प्रदेश में अपना नेटवर्क फैला रखा था। गिरोह की गिरफ्तारी के बाद दमोह, जबलपुर और शाजापुर समेत कई जिलों के पीड़ित परिवार सामने आ रहे हैं।

इस मामले के खुलासे के बाद उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की तस्वीरें जारी कीं जिसे देखते ही एक पीड़ित मूलचंद जैन के रिश्तेदार नितिन जैन ने पहचान लिया। उन्होंने तत्काल मूलचंद जैन को इस बाबत सूचित किया। इसके बाद दमोह के रहने वाले मूलचंद जैन ने अपने साथ हुई वारदात के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के लिए इस गैंग ने रिश्ता तय किया और लाखों की चपत लगा दी। मूलचंद जैन ने उज्जैन और दमोह पुलिस को शिकायत दी कि इस गैंग ने उनके बेटे ऋषभ जैन को शादी का झांसा देकर 6 लाख रुपए और सोने के गहनों की ठगी की।

जून 2025 में मूलचंद की मुलाकात दमोह के ही रहने वाले प्रकाश पटेल से हुई। उसने कहा आप लड़के के लिए बहू देख रहे हैं। जबलपुर में मुन्ना चौहान और राधा ठाकुर मेरे जानकार हैं। उनकी नजर में ऋषभ के लिए एक लड़की है। जबलपुर में रहती है नाम कृतिका जैन है। कृतिका की फोटो देखकर मूलचंद और बेटा ऋषभ शादी के लिए तैयार हो गए। कृतिका की चाची पुष्पा जैन ने दमोह से सगाई के लिए मूलचंद को जबलपुर बुलाया। 11 जून 2025 को संजीवनी नगर जबलपुर के एक होटल में कृतिका और ऋषभ की सगाई हुई, जिसमें मूलचंद ने कृतिका को 50हजार रुपए नकद दिए। दो दिन बाद पूरी गैंग कृतिका,उसकी बहन आयना, चाची पुष्पा और दलाल प्रकाश पटेल, मुन्ना चौहान और राधा ठाकुर दमोह के गढ़ाकोटा पहुंची। जहां होटल में शादी कराई गई। शादी के बाद कृतिका,ऋषभ के साथ उसके घर आ गई। बाकी सब लोग बहन,चाची और दलाल जबलपुर लौट गए।

शादी के कुछ दिन बाद कृतिका ने ऋषभ से कहा कि वे कुंडलपुर दर्शन के लिए चलें। 23 जून 2025 को ऋषभ, कृतिका को साथ लेकर कुंडलपुर पहुंचा। उसके पास करीब 6 लाख रुपए नकद थे और कृतिका ने शादी में मिले 5 तोला सोने के गहने पहन रखे थे। कमरा बुक करते समय जब ऋषभ होटल से लौटा तो कृतिका कार से गायब मिली। ऋषभ ने घंटों तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उसने स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। घटना के बाद मूलचंद और ऋषभ जब कृतिका के संजीवनी नगर जबलपुर स्थित किराए के घर पहुंचे तो मकान मालिक ने बताया कि वह रातों-रात सामान समेट कर फरार हो गई है। जब संजीवनी नगर थाने में शिकायत की गई तो पुलिस ने कहा कि शादी दमोह में हुई है, इसलिए शिकायत दमोह में दर्ज की जाए। इसके बाद मूलचंद ने दमोह पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में उज्जैन और फिर शाजापुर में कृतिका जैन के साथ कुछ महिलाएं और पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से कुछ जबलपुर के निवासी हैं। उन पर कार्रवाई जारी है। वहीं जबलपुर पुलिस अब लुटेरी दुल्हन गैंग का रिकॉर्ड खंगाल रही है।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन पुलिस को हाल ही में एक प्रॉपर्टी ब्रोकर के अपहरण और फिरौती का मामला मिला। आरोपी युवती ने ब्रोकर को मिलने के बहाने बुलाया और उसके साथियों ने उसे अगवा कर 50 लाख की फिरौती मांगी। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर कार का पीछा किया और शाजापुर के पास ब्रोकर को छुड़ा लिया। इसी दौरान कृतिका जैन सहित छह आरोपी गिरफ्तार किए गए।

—————

(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक

Most Popular

To Top